Ablivenews
अलीगढ़ में 99 दुकानों का विवाद एक बार फिर भड़क उठा। नगर निगम की कार्रवाई के दौरान ऐसा हंगामा हुआ कि मामला मारपीट से लेकर आत्मदाह की कोशिश तक पहुंच गया।”
अलीगढ़ के बाराद्वारी स्थित नगर निगम के मल्टी स्टोरी प्रोजेक्ट के बाहर बनी 99 दुकानों को लेकर चल रहा विवाद आज फिर सुर्खियों में आ गया।
नगर निगम की परिवर्तन दल की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों ने विरोध जताया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
मौके पर धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई। आरोप है कि विरोध कर रहे कुछ दुकानदारों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। इसी दौरान हुई छीना-झपटी में पेट्रोल नगर निगम कर्मचारियों पर भी गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुकानदारों का कहना है कि उनके साथ जबरन कार्रवाई की गई, जबकि नगर निगम कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए टीम के साथ मारपीट की गई।
घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
99 दुकानों का यह विवाद अब सिर्फ अतिक्रमण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कानून-व्यवस्था का मुद्दा बन गया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।



