
राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित
कानपुर। नेशनल मीडिया प्रेस क्लब (NMPC) के तत्वावधान में राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शास्त्री भवन, कानपुर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता के जनक पंडित जुगल किशोर शुक्ल एवं स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दीप प्रज्ज्वलन किया गया तथा NMPC मीडिया डायरी का विमोचन एवं विभिन्न जिलों की कार्यकारिणियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ।
समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी विजय कपूर, पूर्व सांसद राजाराम पाल, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग सदस्य रमेश चंद्र कुंडे, वरिष्ठ पत्रकारों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों को उनके सामाजिक, पत्रकारिता एवं जनसेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा, निष्पक्ष पत्रकारिता तथा लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की सफलता एवं NMPC मीडिया डायरी के प्रकाशन पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, सांसद देवेन्द्र सिंह भोले, विधायक अमिताभ बाजपेयी सहित कानपुर क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नेताओं ने शुभकामनाएं एवं बधाई संदेश प्रेषित किए।
कार्यक्रम में कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, चित्रकूट एवं बांदा जिलों के पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की। बड़ी संख्या में पत्रकार, अधिवक्ता, अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय अध्यक्ष एम.डी. शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री एडवोकेट ज्ञानेंद्र कटियार एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री जागेश्वर द्वारा किया गया। अंत में पत्रकार एकता जिंदाबाद, जय हिंद, जय भारत के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



