
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा…
दिल्ली नंबर की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो रेलिंग तोड़ते हुए कई बार पलटी, युवती समेत 4 गंभीर घायल
हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र में कुरारी-बरूआरा गांव ओवरब्रिज के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई और नीचे जाकर कई बार पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो एक युवती चला रही थी। गाड़ी में सवार युवती समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, लेकिन राहत व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आई। आरोप है कि करीब 1 घंटे तक न एंबुलेंस पहुंची और न ही यूपीडा की टीम।
घायलों के परिजनों ने मौके से गुजर रहे एक कार सवार से मदद मांगी, जिसके बाद सभी को शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि कुछ दिन पहले ही यूपीडा ने दावा किया था कि एक्सप्रेसवे पर हादसे के 5 से 10 मिनट के भीतर एंबुलेंस और सिक्योरिटी टीम पहुंच जाएगी, लेकिन हरदोई के इस हादसे ने उन दावों की हकीकत सामने ला दी।



