
मामू भांजा रेडियो मार्केट को मिलेगी जल्द जाम से निज़ात-अतिक्रमण मुक्त मामू भांजा की कवायद ने पकड़ी रफ़्तार
मामू भांजा में अतिक्रमण करना पड़ेगा भारी -इंट्रीग्रेटेड कमांड एन्ड कंट्रोल रूम की होगी अब पैनी नज़र
जल्द मामू भांजा के दुकानदारों को मिलेगी गांधी पार्क स्थित नगर निगम कॉम्प्लेक्स में अंडरग्राउंड पार्किंग की सुविधा
*मामू भांजा रेडियो मार्केट में अतिक्रमण साफ सफाई, अवैध पार्किंग की निगरानी के लिए हाई रेजोल्यूशन कैमरे लगना हुए शुरू*
नगर आयुक्त ने मामू भांजा का किया निरीक्षण- मामू भांजा में पार्किंग की व्यवस्था होगी शीघ्र- दुकानदारों को अपनी परिधि में दुकाने लगाने की नगर आयुक्त ने दी नसीहत
सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट के ऑटोमेशन, नालियों की तलिझाड़ सफ़ाई का चलेगा विशेष अभियान-मामू भांजा रेडियो मार्केट के दुकानदार देंगे नगर निगम का यूजर चार्ज
शुक्रवार दोपहर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने मामू भांजा रेडियो मार्केट का निरीक्षण कर स्थानीय दुकानदारों के साथ नगर निगम की समस्याओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मामू भांजा रेडियो मार्केट के दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण व पार्किंग की बड़ी समस्या से नगर आयुक्त को अवगत कराया। नगर आयुक्त ने अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए सभी दुकानदारों को अपनी परिधि में ही दुकान लगाने की नसीहत दी। नगर आयुक्त ने मामू भांजा रेडियो मार्केट व इसके आस पास के क्षेत्र में जगह जगह अगले 3 दिनों में 20-25 हाई रेगुलेशन/सर्विलांस कैमरे लगवाकर सभी कैमरों को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से इंटीग्रेट कराये जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में नगर आयुक्त ने मामू भांजा में वाहन पार्किंग की समस्या को देखते हुए दुकानदारों द्वारा मामू भांजा रेडियो मार्केट के अंदर मंदिर के सामने ट्रस्ट की बताई गयी भूमि को भी देखा। मौके पर नगर आयुक्त ने सभी दुकानदारों से कहा ट्रस्ट की ये भूमि वाहन पार्किंग के लिए उपयुक्त है यदि दुकानदार ट्रस्ट से पार्किंग हेतु भूमि उपलब्ध करा दे तो नगर निगम उक्त स्थल पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने पर विचार कर सकता है।
नगर आयुक्त ने मामू भांजा में पार्किंग की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए गांधी पार्क के निकट नगर निगम कॉम्प्लेक्स की अंडरग्राउंड पार्किंग को अगले 15 दिन में कब्जा मुक्त कराते हुए मामू भांजा के दुकानदारों के लिए पार्किंग शुरू करने का निर्णय लेते हुए संपत्ति विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मौके पर नगर आयुक्त ने मामू भांजा रोड के एक साइड नाले के अतिक्रमण पर तत्काल नगर निगम संपत्ति विभाग की टीम को भेजकर इसकी पैमाइश व अतिक्रमण को चिन्हित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने मामू भांजा रोड पर पार्किंग, जलनिकासी, चौड़ीकरण, सुंदरीकरण कार्य के लिए नगर निगम निर्माण विभाग, संपत्ति विभग और आर्किटेक्ट की टीम को संयुक्त भ्रमण करके ब्यूटीफिकेशन, नाला निर्माण, अतिक्रमण, पार्किंग की कार्ययोजना व प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। मामू भांजा रेडियो मार्केट में क्षतिग्रस्त सड़क का संज्ञान लेते हुए निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल पैचवर्क शुरू कराने के निर्देश दिए।
स्थानीय दुकानदारों ने मार्केट में लगने वाले जाम एवं अतिक्रमण की समस्या से नगर आयुक्त को अवगत कराया। इस पर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम अलीगढ़ द्वारा मामू भांजा मार्केट के निकट तांगा स्टैंड के पास दोपहिया वाहन पार्किंग की व्यवस्था आगामी महीनों में प्रारंभ कराई जाएगी, जिससे मार्केट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को काफी राहत मिलेगी।
मार्केट में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ने प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को तीन दिवसीय विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को सभी पोलों पर स्ट्रीट लाइट स्थापित कर उन्हें ऑटोमेशन प्रणाली से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मामू भांजा रेडियो मार्केट के दुकानदारों से बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए नगर निगम के यूजर चार्ज का समय से भुगतान करने के लिए कहा इस पर दुकानदारों ने आश्वस्त किया कि मामू भांजा मार्केट के सभी दुकानदार नगर निगम द्वारा निर्धारित यूजर चार्ज का समय से भुगतान करेंगे।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि नगर निगम अलीगढ़ शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। मामू भांजा मार्केट में सड़क, सफाई, पार्किंग अतिक्रमण एवं स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं के समाधान हेतु प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा ताकि व्यापारियों एवं आम नागरिकों को सुगम एवं व्यवस्थित जनसुविधा मिल सके।



