
Ablivenews
इगलास: नगर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ब्रह्माकुमारी संस्थान ने कराया योगाभ्यास…
इगलास/ अलीगढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में हाथरस रोड स्थित शिव पार्क में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान के सदस्यों ने नगरवासियों को योगाभ्यास कराया तथा योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि नियमित योग करने से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित धर्मोपदेश भी दिए गए। अंत में उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


