
Ablivenews
इगलास: अनियंत्रित रोडवेज बस दुकान में घुसी, महिला समेत तीन गंभीर घायल…
अलीगढ़ जिले के इगलास में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस (संख्या UP 85 DT 6484) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। हादसे में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस अलीगढ़ से मथुरा की ओर जा रही थी। इगलास बिजलीघर के सामने अचानक बस का नियंत्रण बिगड़ गया। अनियंत्रित बस ने पहले सड़क पर पैदल जा रही एक महिला को टक्कर मारी, इसके बाद सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल को रौंदते हुए दुकान में जा घुसी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा। बताया जा रहा है कि महिला समेत दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बस को कब्जे में लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
पुलिस फरार चालक और परिचालक की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बस के अनियंत्रित होने का कारण क्या था।



