
Ablivenews
इगलास: दहेज हत्या का मुख्य आरोपी दो साल बाद हरियाणा से गिरफ्तार…
इगलास/अलीगढ़: पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले दो साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
यह पूरा मामला मई 2024 का है। 17 मई 2024 को मृतका के पिता ने थाना इगलास में तहरीर दी थी। उनका आरोप था कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न करने पर ससुराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या कर दी।
पुलिस ने शिकायत मिलते ही केस दर्ज कर लिया था। लेकिन घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी पूरन सिंह फरार चल रहा था और लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था।
थाना इगलास की टीम पिछले दो साल से आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। आखिरकार सटीक सूचना और तकनीकी मदद से पुलिस को उसकी लोकेशन हरियाणा में मिली। पुलिस टीम ने तुरंत हरियाणा पहुंचकर हरीनगर थाना क्षेत्र में घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी पूरन सिंह पुत्र इतवारीलाल, नौगवां, थाना इगलास, अलीगढ़ का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे इगलास कोतवाली ले आई है। अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



