
सारसौल चौकी क्षेत्र में पैसों के विवाद में युवक की मौत, एक आरोपी हिरासत में
अलीगढ़। थाना बन्नादेवी क्षेत्र के सारसौल चौकी इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बीती रात सारसौल चौकी क्षेत्र में दो पक्षों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बन्नादेवी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी



