अलीगढ़:वायु गुणवत्ता सुधार के लिए एएमयू ने यूपी क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट अथॉरिटी के साथ किया MOU..

Picture of ablivenews

ablivenews

FOLLOW US:

SHARE:

वायु गुणवत्ता सुधार के लिए एएमयू ने यूपी क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट अथॉरिटी के साथ करारकिया

 

अलीगढ़, 4 जूनः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने उत्तर प्रदेश में वायु गुणवत्ता सुधारने तथा सतत जलवायु कार्रवाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वैज्ञानिक, तकनीकी एवं संस्थागत पहलों को सहयोग देने के लिए उत्तर प्रदेश क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट (यूपीकैम्प) अथॉरिटी के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

 

यह समझौता लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रमुख सचिव हेकाली झिमोमी तथा यूपीकैम्प अथॉरिटी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी. चंद्रकला की उपस्थिति में हुआ।

 

एएमयू की ओर से सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. सोहैल अयूब ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। उन्हें परियोजना के लिए पर्यावरण एवं सामाजिक नोडल अधिकारी भी नामित किया गया है। वे विश्वविद्यालय प्रशासन के मार्गदर्शन में एएमयू में इस परियोजना के क्रियान्वयन का समन्वय करेंगे।

 

यूपीकैम्प, उत्तर प्रदेश सरकार की विश्व बैंक समर्थित एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसका उद्देश्य बहु-क्षेत्रीय एवं समन्वित दृष्टिकोण के माध्यम से वायु प्रदूषण की समस्या का समाधान करना है। इस सहयोग से शोध, क्षमता निर्माण, तकनीकी सहयोग, ज्ञान साझाकरण तथा नीतिगत सुझावों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे वायु गुणवत्ता प्रबंधन और पर्यावरणीय स्थिरता को मजबूती मिलेगी।

 

प्रो. सोहैल अयूब ने कहा कि इस साझेदारी के माध्यम से एएमयू अपनी शैक्षणिक विशेषज्ञता और शोध क्षमताओं का उपयोग करते हुए पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान तथा स्वच्छ वायु और सतत विकास के लिए वैज्ञानिक आधार पर तैयार किए गए उपायों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

 

यह समझौता विश्व पर्यावरण दिवस, 5 जून को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में यूपीकैम्प के औपचारिक शुभारंभ से पूर्व किया गया है। इस अवसर पर सरकार, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत, नागरिक समाज तथा विकास संगठनों के प्रतिनिधि वायु गुणवत्ता प्रबंधन, जलवायु कार्रवाई और सतत विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

 

परियोजना के एक प्रमुख क्रियान्वयन साझेदार के रूप में एएमयू शोध, तकनीकी विशेषज्ञता तथा सहयोगात्मक भागीदारी के माध्यम से पर्यावरणीय प्रशासन और जलवायु अनुकूलन संबंधी पहलों को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

[the_ad id='179']

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *