
Ablivenews
अमरनाथ यात्रा के लिए इगलास से भंडारा सामग्री रवाना…
इगलास/ अलीगढ़: अमरनाथ शिव शक्ति सेवा मंडल ने अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशाल भंडारे की सामग्री गुरुवार को रवाना की। समाजसेवी हरीश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर दो वाहनों को रवाना किया। इस दौरान कस्बे के प्रमुख मार्गों से बैंड-बाजों के साथ पदयात्रा भी निकाली गई।
मंडल के पदाधिकारियों निरंजन लाल अग्रवाल और रामगोपाल गुप्ता ने बताया कि भंडारे के लिए 2.50 लाख रुपये की धनराशि तथा 30 कुंतल आटा, दाल, चावल, चीनी, घी और आलू सहित अन्य खाद्य सामग्री भेजी गई है। यह सामग्री अलीगढ़ से ट्रक द्वारा जम्मू-कश्मीर के बालटाल स्थित भंडारा स्थल तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को भंडारे में निश्शुल्क भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सेवा कार्य में मंडल के स्वयंसेवकों ने जनसहयोग से राशन एवं आवश्यक सामग्री एकत्रित कर महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर मंडल से जुड़े अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।



