
कफ सिरप पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की सख्त निगरानी
अलीगढ़
जिले में कफ सिरप की गुणवत्ता और आपूर्ति पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जनपद के किसी भी ड्रग वेयरहाउस में कैसेन फार्मा, जयपुर (राजस्थान) द्वारा निर्मित खांसी की दवा Dextromethorphan Hydrobromide IP की आपूर्ति नहीं की गई है।
वर्ष 2025 में विभाग द्वारा जिले से कफ सिरप के कुल 13 नमूने संग्रहित कर जांच एवं विश्लेषण के लिए जन विश्लेषक प्रयोगशाला को भेजे गए थे। इनमें से चार नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जो मानक स्तर की पाई गई है, जबकि शेष नमूनों की रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त होने की संभावना है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि किसी नमूने में गुणवत्ता संबंधी त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के अंतर्गत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिले में कफ सिरप की आपूर्ति करने वाली अधिकांश कंपनियां हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा राज्यों से हैं। इन सभी आपूर्तिकर्ता कंपनियों की गतिविधियों पर विभाग द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
स्रोत : श्री दीपक लोधी, ड्रग इंस्पेक्टर, अलीगढ़।




