
Ablivenews
इगलास: बंद कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक का शव, पिता ने पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप…
इगलास/अलीगढ़। कस्बा के मोहल्ला सराय बाजार स्थित हाबूड़ा बस्ती में 32 वर्षीय संजीव का शव शुक्रवार सुबह घर के एक बंद कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना 112 पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची इगलास पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया है कि संजीव की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक के पिता श्याम सिंह का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। उनका आरोप है कि गुरुवार को संजीव का पड़ोस में रहने वाले रामू नामक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके अगले ही दिन उसका शव फंदे से लटका मिला। उन्होंने रामू के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
चर्चा है कि घटना के समय मृतक की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। उसे सूचना मिलने पर वह अपने भाई के साथ ससुराल पहुंची और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



