अलीगढ़:जनभागीदारी से बन रहा समर्थ उत्तर प्रदेश का खाका..जानिए कहा दर्ज करे अपने सुझाव..
समर्थ विकसित उत्तर प्रदेश @2047 के लिए नागरिकों के सुझावों से बन रहा है “समर्थ उत्तर प्रदेश” का खाका*
आइए सुझाव दें और प्रदेश एवं देश को विकास के पथ पर ले जाएं: संदीप कुमार

विकसित भारत बनाने के जनभागीदारी है जरूरी, वर्षों से व्याप्त कमियां होंगी पूरी
अपनी राय और सुझावhttps://samarthuttarpradesh.up.gov.in पर 31 अक्टूबर तक कराएं दर्ज*
अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य नियोजन विभाग द्वारा “समर्थ उत्तर प्रदेश: विकसित उत्तर प्रदेश @2047” अभियान संचालित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत नागरिकों से प्रदेश के समग्र विकास के लिए बहुमूल्य सुझाव प्राप्त किए जा रहे हैं। नागरिक अपनी राय और सुझाव पोर्टलhttps://samarthuttarpradesh.up.gov.in पर दर्ज कर रहे हैं।
राज्य सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि जन-भागीदारी को और व्यापक बनाने के लिए पोर्टल पर फीडबैक देने की अंतिम तिथि 05 अक्टूबर 2025 से बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2025 कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अपने विचार साझा कर सकें। अभियान के अंतर्गत शिक्षा, कृषि, चिकित्सा, ग्रामीण विकास, उद्योग, रोजगार, अवसंरचना एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में आमजन, नोडल अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं प्रबुद्धजनों से सुझाव लिए जा रहे हैं।
*अलीगढ़ में भी “विकसित उत्तर प्रदेश@2047” विज़न को ध्यान में रखते हुए नागरिकों के सुझावों को आत्मसात किया जा रहा है।* जनसामान्य से प्राप्त सुझावों के आधार पर जिलाधिकारी संजीव रंजन ने क्वार्सी बाईपास से जेएनएमसी (मेडिकल कॉलेज) तक एलिवेटेड पुल अथवा सड़क निर्माण के लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। यह निर्णय शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिक सुविधा में बढ़ोतरी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
“विकसित उत्तर प्रदेश@2047” के विज़न में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता को महत्वपूर्ण माना गया है, क्योंकि जनता के विचार और सुझाव ही नीतिगत निर्णयों की दिशा और प्राथमिकता तय करने का आधार बनेंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के विकास का रोडमैप जनता की आकांक्षाओं और जरूरतों के अनुरूप तैयार हो।
सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार द्वारा सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अपने सुझाव ‘’समर्थ उत्तर प्रदेश: विकसित उत्तर प्रदेश@2047’’ पोर्टल पर 31 अक्टूबर 2025 तक अवश्य दर्ज करें और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।




