
Ablivenews
चलती हुई बस में ड्राइवर की मौत, फौजी की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, 50 यात्रियों की बची जान…
इगलास/अलीगढ़। जानकारी के अनुसार, मथुरा डिपो की बस संख्या UP KT 3189 मथुरा से मुरादाबाद जा रही थी। सुबह करीब नौ बजे बेसवां से पहले नगला फोंदा के पास चालक गणेश कुमार, निवासी अडीग, जनपद मथुरा, अचानक बस चलाते समय अचेत हो गए। चालक के नियंत्रण खोने से बस सड़क की दूसरी ओर जाने लगी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी बीच बस में मौजूद एक फौजी ने तत्काल स्टेयरिंग संभालकर बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि बस बिजली के एक पोल को तोड़ते हुए सड़क किनारे बने चबूतरे से टकरा गई। जिससे वहां बंधी कुछ गायें घायल हो गईं।
घटना के बाद चालक गणेश कुमार को तत्काल मंगलायतन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चालक की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फौजी की त्वरित सूझबूझ और साहस के चलते बस में सवार करीब 50 यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।



