गंग नहर कटने से मचा हाहाकार, सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न, किसानों पर टूटा संकट
अलीगढ़ जनपद के खैर थाना क्षेत्र के गाँव बाजिदपुर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लगातार बारिश के बाद गंग नहर का जलस्तर अचानक बढ़ गया और नहर कट गई। नहर कटने से तेज़ी से पानी गाँव के खेतों की ओर फैल गया, जिससे किसानों की सैकड़ों बीघा आलू और गेहूं की खड़ी फसल जलमग्न हो गई।
बताया जा रहा है कि रात भर हुई बारिश के कारण नहर में पानी का दबाव काफी बढ़ गया था, जिसे नहर की पटरी झेल नहीं सकी और अचानक कटाव हो गया। देखते ही देखते पानी खेतों में भर गया और कुछ ही घंटों में मेहनत से तैयार की गई फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसानों के चेहरे पर मायूसी साफ देखी जा रही है, क्योंकि उनकी सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। साथ ही नहर विभाग को भी सूचित कर कटाव को बंद कराने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है और किसानों को हर संभव मदद का भरोसा दिया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नहर की मरम्मत और निगरानी की गई होती, तो इस तरह का बड़ा नुकसान टाला जा सकता था। फिलहाल पूरे इलाके में पानी भरने से हालात गंभीर बने हुए हैं और किसान मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्टर राजकुमार टीम एबी लाइव न्यूज़ खैर



