
कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए प्रशासन का फ्लैग मार्च, पर्वों के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था चाक–चौबंद
जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना शासन–प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता, अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध होगी कठोर कार्रवाई
अलीगढ़ शहर में शांति, सौहार्द एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मंडल एवं जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। इसी क्रम में मंडलायुक्त संगीता सिंह, डीआईजी प्रभाकर, जिला मजिस्ट्रेट संजीव रंजन, एसएसपी नीरज कुमार जादौन सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों का यह पैदल मार्च आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने एवं असामाजिक तत्वों में कानून का भय स्थापित करने के उद्देश्य से किया गया। मार्च के दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना शासन-प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि वर्तमान समय में पवित्र ईद एवं नवरात्रि के पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जुमा अलविदा की नमाज जनपद में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई, जिसमें प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए थे। पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं, जिन्हें मिल-जुलकर मनाना हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत की पहचान है।



