Ablivenews
एक पत्रकार… जो खबरें लोगों तक पहुंचाता था, आज खुद एक दर्दनाक खबर बन गया। सड़क हादसे ने एक परिवार ही नहीं, पत्रकारिता जगत को भी गहरे सदमे में डाल दिया।”
हाथरस के लेबर कॉलोनी निवासी और भारत 19 एक्सप्रेस के संवाददाता पवन कुमार गुप्ता का इटावा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार, पवन कुमार गुप्ता अपनी ससुराल कानपुर से बाइक पर सवार होकर हाथरस लौट रहे थे। जब वह इटावा के समृद्धि हॉस्पिटल के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल इटावा पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
पवन कुमार गुप्ता के असामयिक निधन की खबर से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
एक पल में सब कुछ बदल गया… जो कल तक सच की आवाज़ थे, आज उनकी यादें ही बाकी हैं।



