
Ablivenews
अलीगढ़ पुलिस ने विद्युत कर्मचारी के घर हुई सनसनीखेज लूट का महज़ 36 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न सिर्फ लूटा गया पूरा सामान बरामद किया है, बल्कि घटना में इस्तेमाल अवैध तमंचा भी बरामद किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी दो महीने पहले उसी घर में कारपेंटर का काम कर चुके थे और उसी दौरान उन्होंने लूट की पूरी साजिश रची थी।”
अलीगढ़ के थाना रोरावर क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉलोनी में दो दिन पहले एक विद्युत कर्मचारी के घर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी शिराज और मजम्मिल शाहजमाल इलाके के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी करीब दो महीने पहले पीड़ित के घर कारपेंटर का काम करने गए थे। उसी दौरान उन्होंने घर की स्थिति, परिवार की गतिविधियों और कीमती सामान की जानकारी जुटाई और बाद में लूट की योजना बनाई।
घटना वाले दिन दोनों आरोपी हथियार के बल पर घर में घुस गए। उन्होंने परिवार के लोगों को तमंचा दिखाकर बंधक बनाया और नगदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए।
वारदात के बाद थाना रोरावर पुलिस ने कई टीमें गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से महज 36 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से लूटा गया 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल अवैध असलाह भी बरामद किया गया है।
पूरे मामले का खुलासा पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी आदित्य बंसल ने किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
“फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या दोनों आरोपी पहले भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं या इनके अन्य साथियों की भी कोई भूमिका है। ऐसे ही ताजा अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।”



