
Ablivenews
ये तस्वीरें सिर्फ एक बदहाल सड़क की नहीं, बल्कि उन लोगों की रोज़मर्रा की परेशानी की कहानी बयां कर रही हैं, जिन्हें हर दिन कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। अलीगढ़ के नगला पटवारी से वायरल हुए इस वीडियो ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।”
अलीगढ़ के नगला पटवारी, गली नंबर-25 का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पूरी तरह टूटी और जर्जर दिखाई दे रही है। नाली का निर्माण न होने की वजह से सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ जमा है, जिससे राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते से रोज़ाना स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और सैकड़ों लोग गुजरते हैं। बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। कीचड़ और जलभराव के कारण फिसलकर चोट लगने का खतरा बना रहता है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और नगर निगम से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। लोगों का कहना है कि हर बार केवल आश्वासन मिलता है, जबकि ज़मीनी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, नगर आयुक्त और मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेने की मांग करते हुए जल्द से जल्द सड़क और नाली निर्माण कराने की अपील की है।
अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन इस समस्या पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और क्षेत्रवासियों को कब तक इस बदहाल सड़क से राहत मिलती है
फिलहाल, इलाके के लोग जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। ऐसी ही हर बड़ी और विश्वसनीय खबर के लिए जुड़े रहिए AB LIVE NEWS के साथ।



