■ 27-28 को सीएम पद की शपथ ले सकते हैं हेमंत, JMM विधायक दल ने चुना नेता

झारखंड विधानसभा चुनाव का जनादेश झामुमो-कांग्रेस-राजद महागठबंधन के पक्ष में आया है। स्पष्ट बहुमत के साथ झारखंड के अगले मुख्‍यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन का राजतिलक तय हो गया है। इसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है। हेमंत सोरेन 27-28 दिसंबर को मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रीमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस से पांच-पांच मंत्री होंगे। हेमंत सरकार में लालू की पार्टी राजद से भी एक मंत्री को रखा जाना है। बताया गया है कि हेमंत सोरेन मंगलवार को विधायक दल की बैठक के बाद राज्‍यपाल द्रौपदी मूर्म से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। मोरहाबादी मैदान में हेमंत सोरेन के शपथग्रहण समारोह की तैयारी शुरू कर दी गई है। हेमंत सोरेन की कैबिनेट में झामुमो, कांग्रेस से पांच-पांच और राजद से एक मंत्री हो सकते हैं।

झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक दल की बैठक रांची में मंगलवार को पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन के आवास पर हुई। झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन ने पार्टी विधायकों की बैठक में सबसे रायशुमारी के बाद बतौर मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम का एलान किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक दल की बैठक में हेमंत सोरेन विधिवत झामुमो विधायक दल के नेता चुने गए। अब वे आज ही शाम में राजभवन जाकर झारखंड में महागठबंधन सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। हेमंत का आज दिल्ली जाने का भी कार्यक्रम है। हेमंत सोरेन झारखंड में महागठबंधन की जीत के बाद कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे और नए मंत्रिमंडल के गठन पर भी चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल में कांग्रेस और झामुमो से पांच-पांच और राजद से एक मंत्री रखे जाएंगे। कांग्रेस को डिप्‍टी सीएम का पद भी दिया जा सकता है।

मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारी

बताया गया है कि राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू कर दी गई है। यहां खुले मैदान में हेमंत सोरेन मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह को यादगार बनाने के लिए झामुमो और महागठबंधन के नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

सभी गैर बीजेपी शासित राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री को आमंत्रण

हेमंत सोरेन के झारखंड के मुख्‍यमंत्री पद पर शपथ लेने के दाैरान समारोह के गवाह सभी गैर बीजेपी शासित राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री और यूपीए के बड़े नेता बनेंगे। झामुमो, राजद और कांग्रेस महागठबंधन की ओर से हेमंत के शपथ ग्रहण समारोह को खास बनाने की मुकम्‍मल तैयारी की जा रही है।

15883 वोट से हारे मुख्यमंत्री रघुवर दास, सरयू राय ने किया पराजित

तेजी से राज्यों की सत्ता खो रही भाजपा के हाथ से सोमवार को झारखंड भी फिसल गया। राज्य में आए विधानसभा चुनाव के परिणाम ने भाजपा के 65 प्लस के दावे की हवा निकाल दी। जनादेश महागठबंधन के पक्ष में आया है। अब झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उनकी अगुवाई में विपक्षी महागठबंधन के सीटों का आंकड़ा बहुमत के जादुई आंकड़े 41 को पार कर 47 तक पहुंच गया। इनमें झामुमो के खाते में 30 और कांग्रेस के हिस्से में 16 सीटें आईं, जबकि राजद को एक सीट मिलीं। वहीं भाजपा 25 सीटों पर सिमट गई।

महागठबंधन की आंधी में सबकी हवा टाइट

महागठबंधन की आंधी ने भाजपा के साथ-साथ आजसू की भी हवा निकाल दी है। आजसू के खाते में दो सीटें आईं, जबकि बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व वाली झारखंड विकास मोर्चा के हिस्से तीन सीटें आईं। वहीं दो सीटों पर निर्दलीय और एक-एक सीट पर भाकपा माले व एनसीपी को जीत मिली है। सियासत की हवा के बदले रुख में मुख्यमंत्री रघुवर दास भी अपनी परंपरागत सीट जमशेदपुर पूर्वी से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरयू राय से 15883 वोट से हार गए, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. दिनेश उरांव को भी सिसई सीट से हार का सामना करना पड़ा। इनके अलावा मंत्री लुईस मरांडी, राज पालिवार, रामचंद्र सहिस को भी चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं भाजपा के अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ भी चक्रधरपुर से चुनाव हार गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *