महाशिवरात्रि के पर्व पर गोपेश्वर महादेव मंदिर में गूंजने लगे बम-बम भोले के स्वर

वृंदावन मंदिरों की नगरी में महाशिवरात्रि पर्व के लिए शिव मंदिरों पर सुबह से ही शिव भक्तों का सैलाब उमड़ेगा। शाम के समय मंदिरों में फूलबंगला सजाए जाएंगे तथा महाआरती होगी। प्राचीन गोपेश्वर महादेव मंदिर के सेवायत मोहन गोस्वामी एवं पवन गोस्वामी ने बताया है कि मंदिर में 1 मार्च को प्रदोष व्रत, रात्रि जागरण, महाभिषेक, रुद्राभिषेक समेत चार पहर की चार आरती रात्रि 10, 12, 2 एवं 4 बजे होगी। नववधु तथा प्रथम संतान प्राप्त करने वाली महिलाएं जेहर चढ़ाएंगी तथा भक्त शिव चतुर्दशी व्रत रखेंगे। बताया कि 2 मार्च को खप्पर पूजा अंतर्गत योगी, सन्यासी तथा साधू को अमावस्या के दिन प्रसाद दिया जाता है। यदि इनमें से कोई नहीं मिले तो गाय को प्रसाद खिलाया जाता है। इससे पूर्व सोमवार से ही ब्रज के प्राचीन गोपेश्वर महादेव मंदिर में कावड़ियों का आना शुरु हो गया। कांवड़िया राजघाट अलीगढ़ एवं सोरों से गंगाजल लेकर पैदल ब्रज के चार शिवालयों गोपेश्वर महादेव, भूतेश्वर महादेव, चकलेश्वर महादेव एवं कामेश्वर महादेव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। ऐसी मान्यता है कि ब्रज के इन चार शिवालयों में महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करने से भक्त की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। नगर के प्रमुख बनखंडेश्वर महादेव, रेतेश्वर महादेव, बिहारेश्वर महादेव, प्रतापेश्वर महादेव, खेरेश्वर महादेव समेत अन्य शिव मंदिरों में भी महाशिवरात्रि की तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है। वहीं ब्रज गोलोक सेवा समिति के तत्वावधान में गोविंद घेरा स्थित टालेश्वर महादेव मंदिर में 1 मार्च को शाम 5 बजे फूलबंगला एवं रात्रि 8 बजे 108 दीपकों की महाआरती आनंद बाबा गंगाजी वाले बाबा द्वारा की जाएगी। यह जानकारी कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ने दी है।

 

रिपोर्ट /- प्रताप सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *