21 अप्रैल 22, मुरादाबाद। दरोगा का बेटा इंटर पास करने के बाद शातिर लुटेरा बन गया। अपराध की राह पर तेजी से चल रहे दरोगा के बेटे ने पुुलिस पर भी गोलीबारी की। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दरोगा के बेटे और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला से लूटे गए सोने के कुंडल भी बरामद कर लिए हैं। एसएसपी ने पिछले दिनों ही बदमाशों पर पच्चीस हजार का इनाम घोषित किया था।
लूट का विरोध करने पर मारी थी मिल कर्मी को गोली
गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने दो दिन पूर्व शुगर मिल कर्मी रामू को लूटपाट का विरोध करने पर गोली मारकर घायल करने और फिर महिला से कुंडल लूटने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी की जानकारी पत्रकारों को दी। एसपी सिटी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद गिरफ्त में आए बदमाश विपुल बरेली के थाना कोतवाली में तैनात दरोगा का बेटा है।
इसका साथी अमन ठाकुर भी गिरफ्तार किया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि बदमाशों ने पहले मिल कर्मी को लूट का विरोध करने पर गोली मारी थी और फरार हो गए थे। कुछ ही देर में इन्ही बदमाशों ने थाना मोला क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने महिला के कानों में पड़े सोने के कुंडल लूट लिए थे।
बगैर नंबर की बाइक से करते थे लूटपाट
एसपी सिटी ने बताया इनकी तलाश में तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इतना ही नहीं दोनो घटनाओं के बाद ही पुलिस कॉम्विंग भी शुरू कर दी गई थी। बीती रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था तब हर्बल पार्क के पास बदमाश विपुल बाइक पर आता दिखा। पुलिस ने जब इसे रोकने का प्रयास किया तो विपुल ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से सिपाही अंकित घायल हो गया।
पुलिस ने भी गोली चलाई और एक गोली बदमाश के पैर में लगने से वह गिर पड़ा जिसे वहीं दबोच लिया गया। इसके कब्जे से तमंचा दो कारतूस एक खोखा तथा बिना नम्बर की बाइक भी बरामद की गई हैं। एसएसपी द्वारा इन बदमाशों पर घटना के बाद से ही पच्चीस हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया गया था। पकड़े गए दरोगा के बेटे ने 12 वीं कक्षा पास की है फिलहाल वह कोचिंग कर रहा था। इसका साथी अमन ठाकुर भी 12वीं पास बताया जाता है।