Ablivenews
“क्या नकली सोने के सहारे लाखों-करोड़ों का लोन लेने वाला कोई नेटवर्क सक्रिय है…? अलीगढ़ में मुथूट बैंक पहुंची तीन संदिग्ध लोगों की एंट्री ने बैंक कर्मचारियों से लेकर पुलिस तक को अलर्ट कर दिया।”
अलीगढ़ के थाना सासनी गेट क्षेत्र स्थित खिरनी गेट चौकी के पास मौजूद मुथूट फाइनेंस शाखा में उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन लोग कथित तौर पर करीब 22 ग्राम सोने के आभूषण लेकर लोन लेने पहुंचे।
बैंक कर्मचारियों को जांच के दौरान आभूषणों पर संदेह हुआ। प्रारंभिक जांच में आभूषण कथित रूप से नकली प्रतीत होने पर बैंक प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर कथित आभूषणों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद बैंक प्रबंधन की लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि पकड़े गए संदिग्धों के कुछ अन्य साथियों पर वृंदावन स्थित एक मुथूट शाखा में इसी प्रकार की ज्वेलरी के आधार पर कथित रूप से लगभग 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का संदेह है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही होगी।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह मामला केवल एक शाखा तक सीमित है या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका है। बैंक के दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और बरामद आभूषणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क और घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
AB LIVE NEWS, अलीगढ़।



