Ablivenews
“क्या आप रोज़ जो दूध, मसाले, मिठाई या तेल खरीदते हैं… वह सचमुच शुद्ध है…? अब अलीगढ़ के लोगों को अपने खाद्य पदार्थों की जांच के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ जैसी पहल लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है।”
अलीगढ़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा संचालित ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ मोबाइल परीक्षण प्रयोगशाला को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने सहायक आयुक्त दीपक सिंह से मुलाकात की और विभाग की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आम लोगों के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि वे जो खाद्य एवं पेय पदार्थ रोज़ इस्तेमाल कर रहे हैं, वे शुद्ध हैं या नहीं। इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा अलीगढ़ को अत्याधुनिक मोबाइल टेस्टिंग वैन उपलब्ध कराई गई है।
इस मोबाइल लैब की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कोई भी नागरिक अपने सीलबंद खाद्य पदार्थ की निःशुल्क जांच कराकर मौके पर ही उसकी परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त कर सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि इस मोबाइल वैन को सप्ताह में एक दिन शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों—सेंटर प्वाइंट, दोदपुर, नौरंगाबाद, सासनी गेट, क्वार्सी और सारसौल—में संचालित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
सहायक आयुक्त दीपक सिंह ने इस सुझाव का स्वागत करते हुए इसे जल्द लागू कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में मौजूद लोगों ने खाद्य सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और इस जनहितकारी सुविधा का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।
आप भी यदि किसी सीलबंद खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह में हैं, तो ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ की सुविधा का लाभ उठाकर उसकी निःशुल्क जांच करा सकते हैं।
हर खबर की तह तक… हर सच सबसे पहले… जुड़े रहिए AB LIVE NEWS के साथ।



