बस यात्रियों के लिए खुशखबरी, UPSRTC ने की मील ऑन रोड एप की शुरुआत

कृपाशंकर अग्रहरि (गुड्डू)-(तहसील-दुद्धी-क्राइम रिर्पोटर/सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के यात्री अब सफर के दौरान ऑनलाइन खाना बुक करा सकेंगे। बस के अनुबंधित प्लाजा पर पहुंचने से पहले यात्री मनपंसद खाने को ऑनलाइन देख सकेंगे और ऑर्डर दे सकेंगे। इससे यात्री प्लाजा पर बस पहुंचने पर उन्हें इंतजार नहीं करना पड़ेगा। परिवहन निगम ने इसकी शुरुआत कर दी है। मंगलवार को परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर ने मुख्यालय से इस एप का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इससे परिवहन की आय में वृद्धि भी होगी।

डॉ. राजशेखर के मुताबिक परिवहन सेवाओं का आधुनिकीकरण हो रहा है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए यात्री प्लाजा को ऑनलाइन जोड़ा गया है। एप के जरिए यात्रियों को सुविधा देने की शुरुआत हुई है। यात्री एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद यात्री इसका पूरा फायदा उठा सकेंगे।

आर्डर देना होगा आसान, समय घटेगा
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आर्डर से यात्रियों को प्लाजा पर पहुंचकर घंटों इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्री बीच रास्त सफर से पहले ही बस नंबर, यात्रा की तारीख और मार्ग की जानकारी देकर आर्डर बुक करा सकेंगे। एप में यात्रियों को प्लाजा पर मिलने वाले भोजन की जानकारी के साथ उनके मूल्य की भी जानकारी मिलेगी। यात्री खाने के लिए ऑनलाइन माध्यम से पैसा भी जमा कर सकेंगे।

फीडबैक भी दे सकेंगे
यात्री प्लाजा पर मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, समय पाबंदी और ड्राइवर-कंडक्टर के व्यवहार की भी जानकारी इस एप के माध्यम से दे सकेंगे। परिवहन निगम को यात्रियों के फीडबैक के आधार पर खाने की गुणवत्ता से लेकर ड्राइवर-कंडक्टर के व्यवहार में भी सुधार लाने में मदद मिलेगी। यात्री इसमें फोटो भी अपलोड कर पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *