विंढमगंज क्षेत्र में अधिक ठंड बढ़ने से लोग परेशान

ओम प्रकाश रावत विंढमगंज
विंढमगंज थाना क्षेत्र में दिन प्रतिदिन तापमान गिरने से गलन में तेजी से इजाफा हो रहा है। शनिवार को न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 2.1 डिग्री पहुंच गया। जबकि अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन भर चली बर्फीली हवाओं से लोग ठिठुरते नजर आए। दिन में धूप निकलने के बाद भी गलन बनी रही और लोग अलाव तापते दिखे।शनिवार को सुबह 11.30 तक कोहरा छाया रहा। दोपहर में धूप निकली, लेकिन बर्फीली हवा की मार लोगों को ठिठुराए रही। शाम ढलने के साथ ही कोहरा बढ़ना शुरू हो गया। हालत यह रही कि जो भी लोग घर से बाहर निकले, खुद को सिर से पांव तक गर्म कपड़ों से ढंके रहा। कोहरे के बीच हाइवे पर बाइक सवारों के साथ बड़े वाहन हेडलाइट और डिपर जलाकर चल रहे थे। ज्यादातर लोग दिन के अधिकांश समय अपने घरों में ही रहे। बता दें, शनिवार के मुकाबले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस, बुधवार को अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। तीन दिन में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस लुढ़का है। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क केे प्रेक्षक राजन सिंह के मुताबिक शनिवार का दिन सीजन का सबसे ठंड दिन रहा। शनिवार को सुबह आठ बजे न्यूनतम तापमान 2.1 और अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया है। पारा लुढ़कने से दिन में धूप निकलने के बाद भी गलन बढ़ी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *