छत्तीसगढ़ सीमा से सटे जंगल में आइजी के साथ कांबिग

छत्तीसगढ़ सीमा से सटे जंगल में आइजी के साथ कांबिग
संवाददाता-संतोष सिंह सा-संपादक (ओबरा/सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश)
मोबाइल नंबर- +9194155 38317
बीजपुर (सोनभद्र) : छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे बीजपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के जंगलों में शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक मीरजापुर रेंज के नेतृत्व में कांबिग हुई। इस दौरान जंगल में भ्रमण कर यहां की गतिविधियों के बारे में अधिकारियों ने देखा। जंगल में मिले चरवाहों से पूछताछ करने के साथ ही उन्हें भयमुक्त माहौल का अहसास कराया। कांबिग में पुलिस, पीएसी, सीआरपीएफ के जवान व छत्तीसगढ़ के पुलिस अधिकारी भी शामिल थे।

नक्सल प्रभावित क्षेत्र रजमिलान व नेमना के घने जंगलों में आइजी पीयूष श्रीवास्तव ने कांबिग कर शांति का संदेश दिया। रजमिलान स्थित दनुआ के घने जंगलों में कांबिग के दौरान आइजी ने चरवाहों से बातचीत की। रास्ते में बने घरो में जाकर ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि किसी तरह की आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। जिससे समय रहते समस्या से निपटा जा सके। क्षेत्र में अगर कोई अंजान व्यक्ति दिखे तो इसकी सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इससे पहले बीजपुर थाने का निरीक्षण किया। थाने के बैरक, मालखाना, शस्त्रागार, अभिलेखों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाने में खड़े वाहनों की जानकारी हासिल कर लंबित मामलों को जल्द निस्तारण करने एवं अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने का निर्देश दिया।

मेधावियों का मिला स्कूली बैग व साइकिल

पुलिस महानिरीक्षक विध्याचल परिक्षेत्र पीयूष श्रीवास्तव ने शनिवार को आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र नेमना गांव के समीप नवाटोला स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए। शुभारंभ आइजी व पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित व द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया। ग्राम प्रधान सीताराम ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। स्कूली बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से स्वागत किया। कार्यक्रम में 104 बच्चों को स्कूल बैग, 40 मेधावी बच्चों को साइकिल एवं 100 वृद्धों को कंबल प्रदान किया। जनचौपाल में ग्रामीणों को समस्याओं से निजात दिलाने के लिए शासन को पत्र लिखने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में बिजली व पानी की बड़ी समस्या है। फ्लोराइडयुक्त पानी पीने को लोग विवश हैं। जिससे वे असमय मौत के गाल में समा रहे है। आइजी ने कहा कि कोई भी परेशानी हो तो स्थानीय पुलिस को अवगत कराएं। ग्रामीणों को डायल 112 की जानकारी दी। संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र सिंह और धन्यवाद ज्ञापन राम सजीवन जायसवाल ने किया। इस दौरान सीओ दुद्धी संजय वर्मा, सीओ ओबरा भास्कर वर्मा, प्रभारी निरीक्षक बीजपुर एसबी यादव आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *