चिंतन:जीवन में क्या खोया इसे भूल क्या नया मिल सकता है की सोच ही प्रगति और श्रेष्ठता है..

राधे – राधे

आज का भगवद् चिंतन

जीवन में कितना कुछ खो गया, इस पीड़ा को भूलकर हम क्या नया कर सकते हैं इसी में जीवन की प्रगति और श्रेष्ठता है। जीवन को ठीक तरह से समझा जाये तो ये कि यहाँ अर्जन है तो विसर्जन भी है और विसर्जन है तो अर्जन भी अवश्यमेव है।

वृक्ष कभी इस बात पर व्यथित नहीं होता है कि उसने कितने फूल अथवा कितने पत्ते खो दिये। वह सदैव नयें फूल और पत्तों के सृजन के प्रति आशावान रहता है।नदियां भी कभी इस बात का शोक नहीं करती है कि प्रतिपल कितना जल प्रवाहित हो गया। वो सदैव उसी वेग में लोक मंगल हेतु प्रवाहमान बनी रहती है। उन्हें भी पता होता है कि हम जितना देंगे , उतना ही हमें ईश्वर द्वारा और ज्यादा दे दिया जायेगा।

जीवन में जब तक पुराना नहीं जाता है तब तक नयें आने की संभावनाएं भी शून्य ही रहती हैं। अगर जीवन से कुछ जा रहा है तो चिंता मत करो अपितु ये दृष्टि रखो कि वो ईश्वर जरूर हमें कुछ नया देने की, कुछ और बेहतर देने की तैयारी कर रहा है।

संजीव कृष्ण ठाकुर जी
खंडवा मध्य प्रदेश

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *