शक्ति योद्धा सम्मान के साथ मिशन शक्ति अभियान का हुआ समापन

सोनभद्र   प्रदेश सरकार द्वारा “मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा-नारी सम्मान 180 दिवसीय अभियान” के पहले माह 17 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2020 के सफल कार्यक्रम का आज समापन कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह की शुरुआत माँ सरस्वती व माँ विन्ध्यवासिनी के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलित कर की गई। वहीं समारोह में उपस्थित सभी पुरूष-महिलाओं को जिलाधिकारी ने महिला सशक्तीकरण का संकल्प दिलाया l

जिलाधिकारी एस0 राजलिंगम ने “मिशन शक्ति” की नारी योद्धाओं को शुभकामनाएँ देते हुए बाकी बचे 5 महीने के अभियान को भी सफल बनाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिस समाज की महिलाएं अग्रणी होती हैं, यानी जिन्हें शिक्षा, सुरक्षा व सशक्तीकरण प्राप्त होता है, वह देश काफी तरक्की करता है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओें को “मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा-नारी सम्मान अभियान” योद्धा का प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। समापन समारोह में महिला सशक्तीकरण पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने नारी सम्मान के प्रति प्रकाश डालते हुए कहा कि “बेटी कुदरत का अनमोलन उपहार है, इनको जीने व पढ़ने का पूरा अधिकार है”, “गांव-गांव अलख जगाओ, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, “प्रत्येक गांवों में मुहीम चलाओ, बेटी बचाओ-बेटी-पढ़ाओ”।

जिलाधिकारी ने बेटियों व महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास जारी है। 1090 वूमेन पावर लाईन, 181 महिला हेल्प लाईन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 18001805145 टॉल फ्री नम्बर, महिला उत्पीड़न रोकने व उनकी शिकायतों का संज्ञान लेने के लिए बनायी गयी है।
“मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा-नारी सम्मान अभियान” के पहले माह में लगभग सवा लाख महिलाओं से सम्पर्क करके जागरूक किया जाना, सूचना निदेशक शिशिर कुमार सिंह द्वारा एलईडी वैन भेजकर गांव-गांव तक “मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा-नारी सम्मान अभियान” को सफल बनाने, पर्याप्त प्रचार साहित्यों का वितरण करना, जिले के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित करने, वन स्टाफ सेन्टर के बारे में महिलाओं को जानकारी देने, महिला सशक्तीकरण जागरूकता के सेमिनार व गोष्ठियों का आयोजन कर महिलाओं को जागरूक करने संबंधी बेहतर कार्य हुआ है।समापन समारोह कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण पर जिलाधिकारी एस0 राजलिंगम, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ओ0पी0 सिंह, डिप्टी कलेक्टर सुशील कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर डॉ0 कृपा शंकर पाण्डेय, उप जिलाधिकारी ओबरा प्रकाश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी रामबाबू त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ0 अमरेन्द्र कुमार पौत्स्सायन, महिला थानाध्यक्ष संतु सरोज, उप निरीक्षक सरोजमा सिंह, शिवानी मिश्रा, सीमा द्विवेदी, साधना मिश्रा, नीतू यती सिंह, रूमी पाठक समेत प्रगतिशील महिलाओं तथा बेटियों ने विस्तार से प्रकाश डाला।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *