ओझा-गुणी हत्या मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार, भेजे गए जेल

छतरपुर (पलामू) : पलामू जिला के छतरपुर थाना क्षेत्र के पिडराही गांव में 25 अक्टूबर की रात ओझा-गुणी हत्या मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार किए गए। छतरपुर थाना पुलिस ने पिडाराही गांव निवासी साधु सिंह के दो नामजद आरोपित पुत्र साहेब सिंह व बबन सिंह तथा लखन सिंह के पुत्र धर्मेद्र सिंह को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।

इस संबंध में छतरपुर थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि विजयादशमी की रात पिडराही गांव निवासी स्व. मुनेश्वर सिंह का पुत्र कृष्णा सिंह तालाब के किनारे सोया हुआ था। इसी दौरान घात लगाकर उक्त तीनों आरोपित मिलकर टांगी से काटकर कृष्णा की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित अपने घर चले गए। घटना में प्रयुक्त टांगी व पहने हुए खून लगा अपना कपड़ा छिपा दिया था। 26 अक्टूबर की सुबह से ये सभी फरार थे। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस हत्यारोपितों की तलाश थी। इनके अगल-बगल के रिश्तेदारों के यहां छुपे होने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी निशानदेही पर खून लगे कपड़े और टांगी बरामद कर ली। थाना प्रभारी उपेंद्र ने बताया कि आरोपित साहेब सिंह का कहना है कि वह अपने घर में बीमार पड़े स्वजन से परेशान था। इसी बीच देवास में उसे गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा मामले में परेशान करने की बात बताई गई। इसी शक के आधार पर उसने कृष्णा सिंह की हत्या कर दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक कृष्णा सिंह की मां रतनी देवी व पिता मुनेश्वर सिंह की भी ओझा-गुणी व डायन-बिसाही का आरोप लगाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपित साहेब सिंह व बबन सिंह के पिता साधु सिंह व भाई परशु सिंह अब भी जेल में बंद हैं। इधर कृष्णा सिंह की हत्या आरोपितों ने मिलकर कर दी। उन्होंने कहा कि थाना पुलिस समाज में फैले अंधविश्वास को दूर करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे छापेमारी अभियान में छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शंभू सिंह,अवर निरीक्षक मनोज कुमार तिवारी का पुलिस टीम को मार्गदर्शन प्राप्त था। छापेमारी थाना के जेएसआइ प्रियरंजन ,गौतम कुमार,भूपेंद्र सिंह समेत पुलिस जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *