बारिश के बाद बढ़ी गलन, ठिठुरे लोग

सोनभद्र : पिछले दो दिनों की बारिश के बाद धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। हालांकि बारिश के बाद आसमान साफ होने से गलन बढ़ गई है। धूप निकलने के बावजूद लोगों को ठंड का अहसास होता रहा। पछुआ हवा ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। पिछले सप्ताह की अपेक्षा गलन बढ़ गई है। शहर के तापमान में आई गिरावट का असर आम लोगों की दिनचर्या पर भी दिख रहा है।

गलन बढ़ने से लोगों की कंपकंपी छूट रही है। रात पूरी तरीके से सर्द हो चुकी है। जिले में पछुआ हवाओं का असर पहुंचने के साथ ही मैदानी इलाकों में गलन घुलने लगी है। रविवार की सुबह आसमान तो साफ रहा, लेकिन गलन का दौर रहने से लोग कांपते रहे। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से आगे और गलन बढ़ने के आसार दिख रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना जतायी है। बीत चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा, न्यूनतम पारा आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा। अधिकतम आद्रता 75 व न्यूनतम 55 फीसद दर्ज की गई। कृषि मौसम वैज्ञानिक विनित यादव ने बताया कि पछुआ हवा चलने से अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *