दुद्धी (सोनभद्र) : अमवार में निर्माणाधीन कनहर सिचाई परियोजना पर रविवार को दोपहर बाद दुद्धी उपजिलाधिकारी पहुंचे। यहां कार्यों की जानकारी ली और मुख्य बांध के दाहिने ओर रॉक फिल के कार्यों का भी जायजा लिया। लौटते वक्त ऊंचे बांध पर बिना हेलमेट एवं बेल्ट लगाए कार्य कर रहे मजदूरों को देख नाराजगी जताई। एसडीएम ने परियोजना के अधिशासी अभियंता एवं कार्यदायी संस्था के जीएम से कार्य स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया।
कनहर सिचाई परियोजना के मुख्य बांध दाहिनी रॉकफिल का कार्य अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति एवं विस्थापन संबंधी कार्यों की जानकारी लेने के लिए एसडीएम सुशील कुमार यादव दोपहर करीब डेढ़ बजे परियोजना स्थल पर अचानक पहुंचे। वहां मौजूद मिले अधिशासी अभियंता विनय कुमार समेत अन्य लोगों से निर्माण कार्यों के प्रगति आदि की जानकारी ली। मिट्टी बांध को स्पिलवे से जोड़ने वाले रॉक फिल की विस्तृत जानकारी इंजीनियरों ने दी। जीएम संजीव कुमार ने बताया कि मुख्य बांध में लगने वाले सभी लोहे के गेटों को तैयार किया जा चुका है। मार्च बाद उसे लगाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। करीब घंटे भर के निरीक्षण के बाद वे वापस तहसील मुख्यालय लौट आये।