उत्तर प्रदेश ने 12 करोड़ से ज्यादा कोरोना वैक्सीन लगाकर बनाया रिकार्ड

उत्तर प्रदेश में कल तक टीकाकरण का आंकड़ा 12 करोड़ के पार पहुंच गया। देश में अब तक सर्वाधिक वैक्सीन यूपी में लगाई गई है। कोरोना से बचाव के लिए देश में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में यूपी शुरुआत से ही अव्वल चल रहा है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 14.74 करोड़ लोगों को टीके लगाए जाने हैं। अब तक 9.32 करोड़ लोगों ने वैक्सीन की पहली और 2.68 करोड़ लोगों ने दोनों डोज लगवा ली है।उत्तर प्रदेश के राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. अजय घई ने बताया कि सोमवार को 18 लाख से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। प्रदेश में 15,780 टीकाकरण केंद्रों पर टीके लगाए गए। 18 वर्ष से 44 वर्ष की उम्र के कुल 9.97 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है और अब तक 7.08 करोड़ लोगों ने टीके की पहली या फिर दोनों डोज लगवाई है।उत्तर प्रदेश में कोरोना टीका लगवाने में 45 वर्ष से 60 साल की आयु के लोग अव्वल हैं। इस आयु वर्ग के 2.89 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है। इस आयु वर्ग के सभी लोगों ने टीके की पहली डोज लगवा ली है और 22 लाख लोगों ने दूसरा टीका भी लगवा लिया है। वहीं 60 वर्ष से अधिक उम्र के 1.87 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है। अब तक 1.79 करोड़ लोगों ने टीके की पहली या फिर दोनों डोज लगवाई है। टीका लगवाने वालों में 6.37 करोड़ पुरुष और 5.62 करोड़ महिलाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *