महेशपुर फाटक से कमालपुर तक जाने वाले जाफरी रजवाहे पर किए गए अतिक्रमण को लेकर सिंचाई विभाग अब संजीदा दिख रहा है। सिंचाई विभाग द्वारा शुक्रवार को मुनादी कराई गई कि जिन लोगों द्वारा रजवाहे पर विभिन्न प्रकार से अतिक्रमण कर किया गया है, को एक सप्ताह में हटा लें, अन्यथा की दशा में जिला प्रशासन एवं नगर निगम के सहयोग से अतिक्रमण को हटाकर रजवाहा को पुराना स्वरूप दिया जाएगा।
विदित रहे कि स्थानीय जनप्रतिनिधि राजवाहे पर किये गए अतिक्रमण की तरफ स्थानीय जिला प्रशासन, नगर निगम व सिंचाई विभाग का समय समय पर ध्यान आकर्षित करते रहे हैं।
ऐसे में सिंचाई विभाग अपने रजवाहे को खाली कराने के लिए अब पूरी तरीके से मन बना चुका है। शुक्रवार को कराई गई मुनादी में स्पष्ट तौर पर कहा गया कि ऐसे लोग जिन्होंने रजवाहे पर अतिक्रमण कर रखा है तत्काल हटा लें अन्यथा नगर निगम पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पैमाइश कराते हुए हटवाया जाएगा, जिसका खर्चा भी संबंधित से वसूला जाएगा।