अल्ट्रासाउंड ओपीडी से गायब रहे चिकित्सक, हल्कान हुए मरीज

गढ़वा : जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर चाहे जितने भी दावे किए जाएं, लेकिन कुछ चिकित्सक व कर्मी अपने पुराने ढर्रे पर ही चलने की आदत बनाए हुए हैं। ड्यूटी के समय में ओपीडी से गायब रहना ऐसे लोगों की आदतों में शामिल है। शुक्रवार को भी कुछ ऐसी ही स्थिति देखी गई। अल्ट्रासाउंड ओपीडी के चिकित्सक डाक्टर जीतेंद्र कुमार ड्यूटी से गायब थे।

उनके इंतजार में बैठी आधा दर्जन महिला मरीज परेशान थी। चिकित्सक के बारे में मरीजों द्वारा पूछे जाने पर वहां ड्यूटी में मौजूद आउटसोर्सिंगकर्मी सरिता देवी उन्हें रटा रटाया सा जबाब दे रही थी कि डाक्टर साहब तुरंत आ रहे हैं। यह स्थिति दोपहर साढ़े बारह बजे की थी। अल्ट्रासाउंड कराने के लिए इंतजार कर रही टड़हे गांव की रानी देवी,ओबरा की मनिता देवी, बिलैतीखैर, चिनियां की बबीता देवी आदि ने बताया कि वे लोग गाइनी ओपीडी में चिकित्सक को दिखा चुकी हैं। उन्हें अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी गई है। करीब दो घंटे से अल्ट्रासाउंड चिकित्सक के इंतजार में यहां बैठी हैं। महिला मरीजों ने बताया कि जब वे लोग ओपीडी में मौजूद सरिता देवी से चिकित्सक के बारे में पूछ रही हैं तो वह झिड़क रही है।

किसी माध्यम से इसकी जानकारी सिविल सर्जन को मिली, इसके पश्चात डाक्टर जीतेंद्र कुमार ओपीडी में पहुंचे। लेकिन दोपहर एक बजे के बाद फिर गायब रहे। कुछ यही स्थिति शिशु रोग ओपीडी में भी देखा गया। वहां भी चिकित्सक नदारद थे। शिशु रोग विशेषज्ञ डाक्टर अरुण कुमार की ड्यूटी थी। अशोक विहार, गढ़वा के सत्यम कुमार व आयुष कुमार नामक दो बच्चों को बुखार पीड़ित हालत में अस्पताल लाया गया था। बताया गया कि डाक्टर अरुण कुमार कुपोषण उपचार केंद्र के भी प्रभार में हैं। आनकाल ड्यूटी में ओपीडी में आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *