वृंदावन:गौरी गोपाल आश्रम के बाहर सड़क के फुटपाथ पर दो महिलाएं मिली मृत अवस्था मे..

गौरी गोपाल आश्रम के बाहर सड़क के फुटपाथ पर दो महिलाएं मिली मृत अवस्था मे

प्रसिद्ध कथा प्रवक्ता अनिरुद्धाचार्य के आश्रम के समीप मिला महिलाओं का शव

: स्थानीय निवासियों ने लगाया आश्रम प्रबन्धन पर आरोप

वृंदावन । शुक्रवार की सुबह वृंदावन की परिक्रमा मार्ग में 2 महिलाओं का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वही घटना की सूचना मिलते ही वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, हालांकि दोनों महिलाओं की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार वृंदावन परिक्रमा के संत कॉलोनी स्थित एक कथा प्रवक्ता के आश्रम से 100 मीटर की दूरी पर दो महिलाओं का शव मिला है। दोनों महिलाओं की पहचान 61 वर्षीय चंपा गुप्ता निवासी लखनऊ और 68 वर्षीय सुशीला देवी निवासी बिहार के रूप में हुई है। हालांकि अभी तक महिलाओं की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन महिलाओं की मौत का जिम्मेदार गौरी गोपाल आश्रम प्रबंधन है। बाबा मनमोहन दास ने बताया कि अनिरुद्धाचार्य द्वारा महिलाओं की सेवा, भोजन वितरण आदि सेवाओं का प्रचार प्रसार तो खूब किया जाता है, लेकिन आश्रम में कथा सुनने आने वाले श्रद्धालुओं के विश्राम की कोई व्यवस्था तक नहीं की जाती है। उनके साथ बुरा बर्ताव किया जाता है।

आरोप है कि गौरी गोपाल आश्रम में रात में श्रद्धालुओं को रुकने तक नहीं दिया जाता। आश्रम के लोग महिलाओं को पीटकर बाहर भगा देते हैं, जिससे श्रद्धालुओं को बाहर सोना पड़ता है। वृंदावन कोतवाली प्रभारी सूरज प्रकाश शर्मा ने बताया कि मृतकों के परिवारवालों को सूचना दे दी गई है। परिवार वालों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *